नीमच। जिले में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा लगातार आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में पात्र आवेदनों का परीक्षण कर जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए त्वरित सहायता स्वीकृत की जा रही है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के अनुसार हाल ही में तीन जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए कुल 70 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इनमें एक मरीज को उपचार हेतु 30 हजार रुपये, जबकि दो अन्य मरीजों को उपचार एवं आवश्यक दवाइयों के लिए 20-20 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी जरूरतमंद मरीज उपचार से वंचित न रहे। इसी के तहत पात्र प्रकरणों में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को समय पर राहत मिल सके।