मंदसौर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात स्टेशन रोड स्थित नागदा गली में 10 से 15 आवारा कुत्तों के झुंड ने एक गाय के बछड़े पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 3 बजे कुत्तों के झुंड ने बछड़े को चारों ओर से घेरकर उस पर हमला कर दिया। बछड़े की आवाज सुनकर स्थानीय निवासी किशन गोयल लाठी लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्तों को खदेड़कर उसकी जान बचाई।
हमले में बछड़े के कान पर गंभीर चोट आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन पशुओं और लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।
रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और विशेष अभियान चलाकर उन्हें नियंत्रित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।