खरगोन। जिले के बिस्टान नगर परिषद के गोपालपुरा वार्ड क्रमांक 12 में चौतन्य नागराज मंदिर और कब्रिस्तान जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से स्थानीय लोगों को रात के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे के कारण श्रद्धालुओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में असुरक्षा और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
वार्डवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर परिषद को आवेदन देकर कई बार स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर जल्द से जल्द पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
रहवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था होने से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि मंदिर और कब्रिस्तान आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। लोगों ने नगर परिषद से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।