मंदसौर। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा भारत सरकार की राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी-एफएमडी) योजना के अंतर्गत जिलेभर में गो-भैंसवंशीय पशुओं के लिए निःशुल्क खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा।
उप संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने बताया कि अभियान के तहत 4 माह से अधिक आयु के सभी गो-भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है। इसके संक्रमण से पशुओं के मुंह में छाले, खुरों में घाव हो जाते हैं तथा दुधारू पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है। गंभीर स्थिति में पशुओं की मृत्यु भी हो सकती है। यह बीमारी तेजी से फैलकर पूरे गांव के पशुधन को प्रभावित कर सकती है, जिससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र की निकटतम पशु चिकित्सा संस्था से संपर्क कर अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं तथा गांव के सभी पात्र पशुओं को इस अभियान से जोड़कर बीमारी की रोकथाम में सहयोग करें।