बड़वानी। साइबर सुरक्षा को लेकर एक अनोखी और जागरूकता से भरपूर पहल देखने को मिली। मध्य प्रदेश पुलिस के 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत पुलिस और स्कूली विद्यार्थियों ने करीब 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में विशाल मानव QR कोड बनाकर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 के सैकड़ों विद्यार्थियों ने इस अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव का संदेश दिया। कार्यक्रम में लोगों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध QR कोड स्कैन करने से बचें और ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। उन्होंने बताया कि बड़वानी पुलिस जिलेभर में 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चला रही है। पुलिस ने अपील की कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए।