नीमच। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक मुक्त दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा, नीमच द्वारा शुक्रवार को शहर की सब्जी मंडी में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को 400 कपड़े की थैलियां निःशुल्क वितरित कर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान परिषद पदाधिकारियों ने नागरिकों से दैनिक जीवन में कपड़े की थैलियों का उपयोग अपनाने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे बचाव के लिए जनसहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष मनीष गर्ग, सचिव प्रमोद मालू, पूर्व अध्यक्ष ललित राठी, दीपक ऐरन, सुनील खंडेलवाल, सुरेशचंद शर्मा एवं नितेश गर्ग सहित परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी से प्लास्टिक मुक्त भारत - स्वच्छ, सुंदर एवं हरित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।