मंदसौर। जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मामलों में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
महेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला। कांग्रेस "छात्रों की गूंज" अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच जाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसान डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की कमी, कालाबाजारी और पर्याप्त बिजली नहीं मिलने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं मूंग खरीदी में कोटा कम किए जाने और सीमित समर्थन मूल्य पर खरीदी से किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता में गुर्जर ने उज्जैन भूमि प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि सरकार निर्दोष है तो पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने महाकाल लोक सहित अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही अयोध्या राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर प्राप्त दान के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता होनी चाहिए।
भ्रष्टाचार शिकायतों के लिए बनेगा डिजिटल पोर्टल-
महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही एक डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी, जहां नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अवैध संपत्तियों से संबंधित जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। प्राप्त शिकायतों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, "छात्रों की गूंज" अभियान, 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक 'Gen Z Cyclothon', 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सत्र में भी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रेसवार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष इष्ठा भाचावत तथा जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण मांगरिया सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।