शिवपुरी। शहर के माधव चौक चौराहे पर कांग्रेस ने छात्रों की गूंज नाम के कार्यक्रम का कैम्प लगाया जोकि 19 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के सानिध्य में आयोजित होगा कार्यक्रम में शिवपुरी से ज्यादा से ज्यादा छात्रों को शामिल करने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल की अगुवाई में मंगलवार को माधव चौक चौराहे पर पंजीयन कैंप लगाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों से संपर्क कर उनका रजिस्ट्रेशन कराया।
मोहित अग्रवाल ने बताया कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, देहरादून, पुणे और कोटा जैसे बड़े शिक्षा केंद्रों में पहले भी ऐसे कार्यक्रम हो चुके हैं। अब 19 सितंबर को इंदौर में कार्यक्रम होगा। इसमें मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे। वहीं जिलाध्यक्ष ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षाओं की व्यवस्था से छात्र नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक 150 से ज्यादा परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। उनके मुताबिक, इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं में निराशा बढ़ रही है।
इसके अलावा बेरोजगार युवाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन शुल्क के नाम पर बड़ी रकम ली जा रही है, लेकिन रोजगार के पर्याप्त मौके नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश के चर्चित व्यापमं मामले का जिक्र करते हुए भी सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए।