शिवपुरी। शहर की पॉश महल कॉलोनी में सड़क निर्माण को लेकर वार्ड-9 के रहवासियों ने विरोध जताया है। बुधवार को रहवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन देकर मौजूदा सड़क पर किए जा रहे निर्माण कार्य को रोकने की मांग की।
रहवासियों के मुताबिक, महल कॉलोनी की करीब 14 सड़कों के निर्माण के लिए विधायक निधि से फंड मंजूर किया गया है। इसी के तहत विधायक निवास से यूनियन बैंक वाली गली में सड़क निर्माण का काम शुरू किया गया है। हालांकि, रहवासियों का आरोप है कि पहले से बनी आरसीसी सड़क के ऊपर करीब 8 इंच नई सड़क डाली जा रही है।
वार्ड निवासी राजीव दुबे ने बताया कि सड़क का लेवल बढ़ने से कई मकान सड़क से नीचे हो सकते हैं। इसके अलावा नालियां भी मौजूदा सड़क के लेवल से नीचे होने के कारण बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होने की आशंका है।
रहवासियों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में सीवर लाइन का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में पहले सीवर लाइन का काम पूरा कराया जाना चाहिए और इसके बाद विधायक निधि से स्वीकृत नई सड़कों का निर्माण कराया जाए।
रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मौजूदा सड़क पर किए जा रहे काम को तत्काल रोका जाए और सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क का लेवल बढ़ने और जलभराव जैसी समस्याओं से लोगों को परेशानी न हो।