नीमच। 54वीं मध्यप्रदेश राज्य सब जूनियर एवं मिनी ग्रुप (बालक एवं बालिका) तैराकी प्रतियोगिता के लिए नीमच जिले की टीम का चयन 6 जुलाई को किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन प्रतियोगिता सुबह 8 बजे नगर पालिका स्वीमिंग पूल में आयोजित होगी, जिसके आधार पर राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए जिले की टीम का गठन किया जाएगा।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी ने बताया कि चयनित खिलाड़ी 16, 17 एवं 18 जुलाई को इंदौर स्थित लक्ष्मण सिंह स्वीमिंग पूल में आयोजित 54वीं मध्यप्रदेश राज्य तैराकी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने बताया कि चयन प्रतियोगिता में जिले के सभी पात्र तैराक भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में ग्रुप-द्वितीय (13-14 वर्ष), ग्रुप-तृतीय (11-12 वर्ष) तथा ग्रुप-चतुर्थ (9-10 वर्ष) के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी पात्र होंगे। सभी प्रतिभागियों को निर्धारित समय से पूर्व नगर पालिका स्वीमिंग पूल पहुंचकर अपना पंजीयन कराना होगा।
प्रतियोगिता संबंधी जानकारी के लिए कोच आयुष गौड़, अभिषेक अहीर, सुधा सोलंकी, नीलेश घावरी, रोहित अहीर, रविंद्र सोनी, सुब्रो चौधरी एवं समीर जादौन से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष अशोक मोदी, मेंटर प्रभु मूलचंदानी, उपाध्यक्ष प्रकाश मंडावरिया, दिलीप डूंगरवाल, विष्णु मोदी, शरद पाटीदार, गौतम पाटोदी, अनिल सुराना, सचिव तरुण ओझा तथा पदाधिकारी रामगोपाल मोदी, राकेश बंसल और मोहन सिंह गेहलोत से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला तैराकी संघ ने जिले के प्रतिभाशाली तैराकों से चयन प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नीमच का नाम रोशन करने का आह्वान किया है।