मुरैना। मध्यप्रदेश के अपर मुख्य सचिव एवं चंबल संभाग के प्रभारी अधिकारी मनु श्रीवास्तव ने आज सोमवार को मुरैना कलेक्टोरेट में अफसरों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में मुरैना, श्योपुर, भिण्ड जिलों के कलेक्टर, एसपी व अन्य अफसर मौजूद थे। बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री का चंबल संभाग में जल्द ही दौरा होने वाला है। इसीलिए, सरकार की सभी योजनाओं की समीक्षा की गई है, कि जिले में किस योजना की क्या हालत है? जो संभाग और जिलों की अवैध शराब, रेत, भू माफिया जैसी और जो अन्य समस्याएं हैं, जिनका निराकरण राज्य शासन के स्तर से होना है। ऐसी समस्याओं को चिन्हित करने के लिए यह बैठक बुलाई गई, जिसमें अफसरों के साथ जनप्रतिनिधि भी शामिल थे। बैठक में तमाम विभागों के अफसर मौजूद थे, जिससे अंतर विभागीय समन्वय करके ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचा सकते हैं। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि सभी संभागों में यह बैठक हो रही हैं। मुख्यमंत्री जब दौरे पर आएंगे तब वह भी ऐसी बैठक लेंगे।