नीमच। प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल आज सोमवार को नीमच जिले के ग्राम जमुनियाकलां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश तेज गति से विकास कर रहा है। आज हमारा देश विकास के उस मोड़ पर है जहां प्रगति के नित नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से सरकार आमजन के द्वार तक पहुंच रही है। योजनाओं का लाभ लेने से जो भी वंचित रह गए हैं उनको लाभ प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान राज्यपाल ने शासन की योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ पत्रों का वितरण भी किया।
महिलाओं में नया आत्मविश्वास आया है-
राज्यपाल ने कहा कि आजीविका मिशन के माध्यम से आज महिलाओं में नया आत्मविश्वास आया है। महिलाएं घरों के आर्थिक उत्थान में मजबूती से अपनी भूमिका का निर्वाह कर रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचित रहे लोगों को लाभ दे रही है। सबके प्रयास से वंचित व्यक्ति की मदद की जा रही है। इस दौरान राज्यपाल ने उपस्थितजनों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया।
स्थानीय कलाकारों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां-
ग्राम जमुनियाकलां में आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों ने देश भक्ति व राजस्थानी गीतों पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुतियां दी।
कलेक्टर-एसपी ने संभाली कमान-
नीमच जिले के ग्राम जमुनिया कलां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में कलेक्टर दिनेश जैन व एसपी अमित तोलानी, एडीएम नेहा मीना, जिला पंचायत सीईओ गुरूप्रसाद, एसडीएम ममता मीणा सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभाली।
यह रहे मौजूद-
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जावद विधायक व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरूद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जनपद पंचायत नीमच की अध्यक्षा शारदा बाई धनगर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व ग्रामीणजन मौजूद रहे।