खरगोन। जिले के टांडाबरुड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आधुनिक लैब की स्वीकृति हुई है, लेकिन इस लैब निर्माण को लेकर जगह चयन का मामला खटाई में पड़ता जा रहा है।
सोमवार को गांव के कुछ जागरुक ग्रामीण सीएमएचओ कार्यालय पहुंचे और टांडाबरुड क्षेत्र में स्वीकृत हुई लैब को अन्यंत्र स्थापित किए जाने की प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज कराई।
शिकायती आवेदन सौंपते हुए पारस, नितिन, कमलेश वर्मा, ललिता, लच्छीराम आदि ने बताया कि उक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर करीब 40 से 50 गांव के लोग स्वास्थ्य लाभ लेते हैं, वर्तमान में इस लैब की महती आवश्यकता थी जो प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर योजना के तहत ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के रुप में पूरी होने जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त लैब को राजनीतिक दबाव के चलते गांव में निर्माण न कराते हुए ग्राम से अन्यत्र स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है जो गांव के साथ छलावे के समान होगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि राजनीतिक स्वार्थ न देखते हुए जनहित को देखें और उक्त लैब जहां स्वीकृत हुई है वहीं निर्माण कराया जाए।