भोपाल। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन हॉल (मिंटो हॉल) में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल संभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक दोपहर साढ़े 3 बजे से शुरू हुई, जो करीब दो घंटे चली। इसमें सुरक्षा और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। सीएम डॉ यादव ने अफसरों से कहा कि पुलिस नगर निगम और अन्य विभागों के साथ मिलकर झोनल प्लान बनाएं। धार्मिक जुलूस निकलने के पहले आयोजकों से चर्चा करें।
बैठक में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि जेल में बंद कैदियों की श्रेणियों का निर्धारण कर ऐसे कैदी जो लंबे समय से बंद हैं या जिनकी अपील लंबे समय से लंबित हैं, उनके उचित निराकरण के लिए प्रयास करें। गंभीर अपराधों में बंद कैदियों को चिन्हित करें। उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। सीएम ने कहा कि पुलिस संभ्रांत लोगों से संपर्क करें। इससे समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। रेरा और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी संयुक्त बैठक करें और प्रधानमंत्री आवास योजना में बने मकानों का मामला निपटाएं। विकसित भारत संकल्प यात्रा से भोपाल संभाग में अभी तक 10 लाख लोग जुड़े हैं। मुख्यमंत्री ने बैठक में बताया कि 15 जनवरी से राजस्व प्रकरणों के निराकरण का अभियान चलेगा।
मीटिंग में मुख्यमंत्री डॉ यादव के अलावा मंत्री करण सिंह वर्मा, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, गौतम टेटवाल, नारायण सिंह पंवार समेत भोपाल के विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, विष्णु खत्री, मुख्य सचिव वीरा राणा समेत अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारी शामिल रहे। संभाग के सभी सांसद भी बैठक में शामिल हुए।