बुरहानपुर। हेड कांस्टेबल रामगोपाल वर्मा की बेटी योगिता वर्मा ने शहर का नाम रोशन किया है। राज्य लोकसेवा आयोग यानी एमपी पीएससी की परीक्षा 2019 में 65 वीं रैंक लाकर सहकारिता विभाग में सहायक आयुक्त का पद प्राप्त किया है। योगिता राउ के डाक विभाग में शाखा डाकपाल के पद पर पदस्थ थी। नौकरी करते हुए ही पीएससी के साक्षात्कार की तैयारियां की। योगिता रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ती थीं।
योगिता ने सेवासदन से कॉलेज की पढ़ाई पूरी की। योगिता के 12 वीं में 92 प्रतिशत के करीब अंक आए थे। योगिता ने कक्षा 10वीं से ही पीएससी पास कर अधिकारी बनने का सपना देखा था। पढ़ाई पूरी करने और इस मुकाम तक पहुंचाने में माता-पिता ने काफी सहयोग दिया। 2019 के फर्स्ट अटेम्प्ट में ही चयन हुआ। योगिता ने बगैर कोचिंग के ही इस परीक्षा की तैयारी की।