देवास। अकोदिया मंडी से देवास पगडी के कार्यक्रम में आए लोगों ने पुलिस को सूचना दी की उनके ड्राइवर के साथ कुछ लोगों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है। जिसके बाद डीएसपी संजय शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक दिशेष अग्रवाल, कोतवाली थाना प्रभारी दीपक यादव सहित बीएनपी थाना पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लेकर कार्यवाही शुरू की।
मामले में फरियादी ड्राइवर को लेकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर जांच पड़ताल की। जहां लूट का मामला गलत पाया गया। जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने ड्राइवर को रोककर शराब के पैसे मांगे और पैसे नहीं देने पर गाड़ी के कांच फोड दिये थे।
डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया है और लूट की सूचना पूरी तरीके से गलत है। अकोदिया मंडी से एक परिवार पगडी के कार्यक्रम में देवास आया था। जहां गाडी का ड्राइवर अपने परिचित से मिलने गया था। जहां अवंतीकापुरी कालोनी के समीप कुछ असामाजिक लोगों ने शराब के पैसे मांगे। ड्राइवर द्वारा पैसे नहीं देने पर गाडी में तोड़फोड़ की। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 327 के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही गाड़ी भी जब्त की गई है। पुलिस की तत्काल कार्यवाही को लेकर फरियादी पक्ष ने देवास पुलिस का धन्यवाद भी दिया।