शाजापुर। लालघाटी थाना क्षेत्र में स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय भी सुरक्षित नहीं है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने यहां चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। गमीमत रही कि बदमाश सफल नहीं हो सके और उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा। लालघाटी स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार के पास एसबीआई बैंक का एटीएम बूथ लगा है। यहां बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया और सफलता नहीं मिलने पर मौके से भाग गए।
मामले में खास बात यह है कि एटीएम बूथ में चोरी का प्रयास करने वाले बदमाश रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के सामने से ही भाग गए। मामले में लालघाटी थाना टीआई संजय वर्मा ने बताया कि रात्री गश्त के दौरान आरक्षक मुकेश धाकड़ और सैनिक जगदीश कलेक्ट्रेट कार्यालय के द्वार के पास स्थित एटीएम को चेक करने गए थे। उसी समय वहां दो बदमाश कुछ करते दिखे। जैसे ही वह मौके पर पहुंचे तो दोनों बदामाश पुलिस को देखकर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने एटीएम बूथ में घुसकर चोरी का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम मशीन को भी क्षतिग्रस्त किया और उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश की। हालांकि बदमाश एटीएम मशीन के कैश सेक्शन तक नही पहुंच सके और वह असफल रहे। वारदात की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। हालांकि बदमाशों के बारे में कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। बुधवार को दिनभर एटीएम बूथ बंद रहा और वहां की शटर भी बंद रखी गई।