डूंगला। उपखंड मुख्यालय डूंगला में स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करियर गाइडेंस एवं मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में करियर काउंसलर एवं मोटीवेटर डॉ प्रहलाद शर्मा ने दसवीं के बाद साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और एग्रीकल्चर में विभिन्न कॅरियर की संभावनाओं के बारे में अवगत करते हुए बताया कि साइंस बायोलॉजी लेकर डॉक्टर व नर्सिंग क्षेत्र में एवं मैथमेटिक्स से इंजीनियरिंग की परीक्षा देकर आईआईटी के माध्यम से श्रेष्ठ इंजीनियर का निर्माण हो सकता है। इस हेतु कक्षा 12 के साथ में जीव विज्ञान के विद्यार्थियों को नीट की परीक्षा तथा गणित के विद्यार्थियों हेतु आईआईटी जैईई की परीक्षा देकर के मेडिकल कॉलेज तथा इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिला लिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में एग्रीकल्चर के क्षेत्र में कॅरियर की अपार संभावनाएं दृष्टिगत हैं। वहीं कला वर्ग के विद्यार्थियों सहित अन्य वर्ग के विद्यार्थी भी प्रशासनिक सेवाएं जैसे भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ कॅरियर का निर्माण कर सकते हैं। इन सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान होता है। जिससे बचते हुए अधिकतम प्रश्नों को विश्लेषणात्मक तरीके से एवं बहुचयनात्मक दृष्टि से हल करना पड़ता है तथा समूचे देश के स्तर पर ऑल इंडिया रैंक और राज्य स्तर पर ऑल इंडिया स्टेट रैंक बनती है। फिर प्रतिभागियों की वरीयता का निर्धारण होता है। इस प्रकार इन परीक्षाओं में अपनी सफलता सिद्ध करनी पड़ती है।
इस दौरान विद्यालय के स्टाफ के शिक्षक नरेश मेनारिया, अंकिता दानी, मनोज भील, ममता कंवर, नारायण लाल बंजारा, कल्पना वर्मा, पर्वत सिंह मीना, गोपाल लाल खटीक, विमल नलवाया, नवनीत दर्जी, कीर्ति गांग, ममता दक, तरुण कंडारा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नवीन कुमार सामर ने किया। कार्यक्रम के अंत में वाइस प्रिंसिपल अश्विन दक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।