खरगोन। जिले के किसान भी देश की राजधानी दिल्ली कूच की तैयारी कर रहे हैं। अन्नदाताओं को देशभर के किसान संगठनों का भी समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में मप्र के किसान भी ट्रेक्टर आंदोलन की राह पर जाते नजर आ रहे है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने प्रेसवार्ता आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा साझा की है।
मंगलवार को मप्र के खरगोन जिले में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले कृषि मंडी किसान भवन में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। महासंघ पदाधिकारी गोपाल पाटीदार ने कहा बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के अंग होने के नाते हम आंदोलन के साथ है। सरकारों का रुख सत्ता में आकर पूरी तरह बदल जाता है। पीएम मोदी ने विपक्ष में रहते हुए किसानों को एमएसपी देने का समर्थन किया था। आज वहीं किसानों को आंदोलन करने पर मजबूर कर रहे हैं।
महासंघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दिल्ली कुच कर रहे किसानों के साथ यदि सख्ती की गई तो जिले के किसान समर्थन में जिले के नेशनल हाइवे पर प्रदर्शन करेंगे। इस आंदोलन में निमाड़ अंचल से जुड़े सभी किसान शामिल होंगे। यह प्रदर्शन ट्रेक्टरों, पशुधन, परिवार के साथ होगा। हमारी मांग है कि एमएससी के साथ स्वामी नाथन रिपोर्ट लागू की जाय। इस दौरान तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा गया।