मुरैना। न्याय यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने एक दिवसीय प्रवास पर मुरैना आये पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी धर्म की आड़ में राजनीति करना बंद करें। दम है तो बैलेट से चुनाव कराए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक दिवसीय प्रवास पर मुरैना पहुंचे। यहां पर उन्होंने पार्टी जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर न्याय यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज कांग्रेस ही देश मे मात्र एक ऐसी पार्टी है, जो मुद्दों पर बीजेपी से लड़ रही है। मणिपुर में सिविल वॉर जैसी स्थिति बनी हुई है। वहां पर दो समुदायों के बीच सीमा रेखाएं खिंची गई है। हमे इस बात का बड़ा दुख है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां एक बार भी नही गए है। जबकि राहुल गांधी दो बार दौरा कर चुके हैं। बीजेपी का काम धर्म के नाम पर लोगों को बांटना है। वे धर्म की राजनीति करते है और हम मुद्दों पर। भाजपा राम के नाम पर सिर्फ वोट बटोरने का काम करती है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते है। क्योंकि हमारे देश की परंपरा सनातन है। हम बाबा साहेब द्वारा बनाये गए संविधान का आदर करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री खुले मंच से छाती पीट-पीटकर मोदी की गारंटी की दुहाई देते है। उन्होंने कुछ समय पहले अजीत पवार के बारे में कहा था कि इन्होंने 70 हजार करोड़ का घोटाला किया है। इनको जेल में डालेंगे। इसके तीसरे दिन ही उन्होंने अजीत पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बना दिया। यह है मोदी की गारंटी। यहीं नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि स्विस बैंक में जमा काला धन वापिस लाएंगे। देश के हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख रुपये डलवाएँगे। आज तक किसी के खाते में आये क्या। ऐसी है मोदी की गारंटी। उन्होंने नोट बंदी पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने नोटबंदी कर देश को तबाह कर दिया। सबसे अधिक नुकसान व्यापारी वर्ग को हुआ है। छोटे व मध्यम वर्ग के व्यापारी तो खत्म ही हो गए।