खरगोन। झिरन्या विकासखण्ड में बाबू और तत्कालीन प्रभारी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने सार्थक उपस्थिति के नाम पर सितंबर 2022 में 171 शिक्षकों का वेतन काट लिया था। इस मामले में बार- बार अफसरों को मांगपत्र देने के बाद भी काटा गया वेतन नही मिलने से नाराज शिक्षक सोमवार को मुख्यालय पहुंचे। यहां सहायक आयुक्त कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर चेतावनी दी है कि 7 में काटा गया वेतन नही मिला तो उग्र प्रदर्शन को बाध्य होंगे। शिक्षकों ने कलेक्टर सहित मुख्यमंत्री, सहायक आयुक्त को बाबू और बीईओ पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए शिक्षको को उपस्थित होने के बाद भी गैरहाजिर बताने की शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों पर तत्कालीन कलेक्टर शिवराज वर्मा ने विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी आर डी अम्ब को विकासखंड शिक्षा अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर दिया और लिपिक बाबुसिंग वास्कले को निलंबित कर दिया था, लेकिन शिक्षको को काटा गया वेतन जारी नही हुआ, जिसके चलते एक बार फिर यह मामला उजागर हुआ है। गुरुवार को शिक्षको ने गुरुवार को पुनः ब्लॉक मुख्यालय पर एकत्रित होकर अपने कटे हुए वेतन की देने की मांग को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन दिया है और मांग की है कि जब तक उनका काटा गया वेतन नहीं मिलता तब तक वे काली पट्टी बांधकर काम करेंगे।