भोपाल। पंडित खुशीलाल अस्पताल कैम्पस की बिल्डिंग, कॉलेज गर्ल्स हॉस्टल ऑडोटोरियम एवं हर्बल गार्डन को जोड़ने के लिए पॉथ-वे और ब्रिज बनेगा। भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने विस्तृत रिपोर्ट बनाने को कहा है। साथ ही स्कूली बच्चों को अस्पताल के हर्बल गार्डन का टूर भी कराए जाने के प्लान पर मंथन हुआ।
कमिश्नर शर्मा ने सोमवार को पंडित खुशीलाल चिकित्सा महाविद्यालय के मीटिंग हॉल में कॉलेज की कार्यकारिणी समिति की बैठक ली। परिसर में बनाए गए हर्बल गार्डन को स्कूल के बच्चों के लिए आयुर्वेदिक पौधों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए खोलने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। स्कूल अपने छात्र-छात्राओं को अब हर्बल गार्डन का टूर करवा सकते हैं। इसके लिए प्रति छात्र 10 रुपए फीस निर्धारण का अनुमोदन भी किया गया।
मीटिंग में कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय एवं पीजी भवन के रिपेयरिंग कार्य को समय-सीमा में पूर्ण कराए जाने एवं महाविद्यालय में लैब्स के आधुनिकीकरण एवं कार्यप्रणाली को अपग्रेड करने की अनुमति भी दी गई। इसके साथ ही प्रोफेसर्स को समय-समय पर इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल साइंस के साथ अन्य प्रोफेशनल की वर्कशॉप आयोजित किए जाने की अनुमति दी गई। सुपर स्पेशिलिटी विंग के लिए आवश्यक दवाइयों को खरीदने की भी अनुमति भी दी गई।
जरूरी संसाधन खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी
कमिश्नर शर्मा ने कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में अलग-अलग विभागों में आवश्यक उपकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए सामग्री हेल्थ कॉर्पाेरेशन एवं क्रय भंडार नियमानुसार आवश्यक उपकरणों के क्रय करने, डिजिटल एक्स-रे मशीन, अग्निशमन उपकरण, सभी जांच लैब्स में सीसीटीवी कैमरा लगवाने का अनुमोदन प्रदान किया। शर्मा ने कॉलेज से संबद्ध पीजी विद्यार्थियों के रिसर्च का पेटेंट करवाए जाने की विस्तृत जानकारी ली और विद्यार्थियों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
बैठक में डिप्टी सेकेट्री आयुष रंजना देवड़ा, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला, अधीक्षक खुशीलाल महाविद्यालय डॉ. हरिप्रसाद शर्मा, समिति के सदस्य डॉ. उर्मिला शुक्ला, डॉ. आर. पति, डॉ. रीता मारवा एवं राजेश भावसार आदि मौजूद थे।
होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा कॉलेज की कार्यकारिणी की बैठक भी
कमिश्नर शर्मा ने शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा कॉलेज एवं हकीम सैयद जिया उल हसन शासकीय (स्वशासी) यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की स्वशासी समिति की कार्यकारिणी की बैठक भी की। इसमें कमिश्नर शर्मा ने कहा कि जनमानस में होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति भी निरंतर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। शासकीय होम्योपैथिक और यूनानी चिकित्सालय में आने वाले रोगियों की चिकित्सा सुविधाओं एवं सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने के लिए हर सकारात्मक पहल की जाए।
इस बैठक में होम्योपैथी कॉलेज में संचालित नेत्र रोग विभाग का समग्र उन्नयन एवं आधुनिकीकरण करने एवं मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने के लिए के लिए हेल्थ कॉर्पाेरेशन एवं भंडार नियमानुसार अनुमोदन प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पैथॉलाजी लैब का भी आधुनिकीकरण किया जाएगा।