मंदसौर। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अदिति गर्ग के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति (माय भारत) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने तथा वार्षिक कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग, शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों, गैर-सरकारी संगठनों एवं अन्य संस्थाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करें।
बैठक में युवाओं को स्वयंसेवी गतिविधियों, शिक्षा, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, स्वच्छता, खेल, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा से जुड़ी गतिविधियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य, उच्च शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।