नीमच। आमजन को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच एवं गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को रेडक्रॉस भवन में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 200 नागरिकों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में 37 मोतियाबिंद मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया गया। वहीं जरूरतमंद हितग्राहियों को निःशुल्क चश्मे एवं आई ड्रॉप्स का वितरण भी किया गया।
चिकित्सकों ने नागरिकों को नियमित नेत्र परीक्षण कराने, आंखों की स्वच्छता बनाए रखने तथा दृष्टि संबंधी समस्या होने पर तत्काल विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।
शिविर के सफल आयोजन में जिला पंचायत सीईओ एवं रेडक्रॉस प्रशासक अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक प्रशासक श्रुति भयड़िया के निर्देशन में रेडक्रॉस सचिव डॉ. स्वप्निल वाधवा, गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकों एवं रेडक्रॉस कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।