खनियाधाना। दिगंबर मानसरोवर के राजहंस संत शिरोमणी आचार्य गुरुदेव 108 श्री विद्यासागर जी महाराज की समतापूर्वक समाधि मरण के उपरांत सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा कीर्ति स्तम्भ पर रविवार की शाम को सर्वधर्म व सर्व समाज विनयांजलि सभा का आयोजन किया गया। विनयांजलि सभा में पिछोर भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के प्रतिनिधि रूप उनके बड़े बेटे राकेश लोधी विश्व हिंदू परिषद् संगठन, आरएसएस, विद्यार्थी परिषद, क्षेत्रीय महासभा, करणी सेना, समस्त राजनीतिक पार्टियों एवं समस्त प्रशासनिक अधिकारी व शासन वर्ग के साथ समस्त पार्षदगण, जैन समाज और सर्व समाज ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित जनों ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के संबंध में अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि हम सभी बहुत भाग्यशाली हैं कि हमें साक्षात भगवान आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का दर्शन, सान्निध्य और आशीर्वाद मिला। उनके दिव्य रुप के विषय में बताया गया कि जिस युग में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था उस युग में हम नहीं थे, परन्तु हम भाग्यशाली हैं कि जिस युग में आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज ने जन्म लिया उस युग में हमें उनका साक्षात दर्शन मिला।
वक्ताओं ने कहा कि आचार्य श्री द्वारा विश्व कल्याण, राष्ट्र कल्याण एवं आत्म कल्याण हेतु प्रशस्त मार्ग से सभी को प्रेरणा मिलती रहेगी। विनयांजलि सभा में क्षेत्रीय भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के प्रतिनिधि रूप में उनके बड़े पुत्र राकेश लोधी ने आचार्य विद्यासागर जी महाराज की विनयांजलि सभा में साधर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कीर्ति स्तंभ चौराहे के मध्य में स्थित होगा और वह कीर्ति स्तंभ विधायक निधि से बनेगा। आचार्य श्री विद्यासागर जी मातृ जैनों के संत नहीं अपितु जन-जन के संत हैं। प्रधानमंत्री के व्यक्तिगत गुरु रहे आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की विनयांजलि पर यह घोषणा की गई और 10 दिन के अंदर ही शिलान्यास करने का सभी को आश्वासन दिया।
विनयांजलि में सभी धर्म प्रेमी व सर्व समाज बन्धुओं ने उपस्थित होकर पूज्य गुरुदेव की महाआरती की और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।