सीहोर। आम चुनावों की घोषणा हो चुकी है। मतदाता को जागरूक करने के लिए पूरे देश में गतिविधियां जारी हैं। इसी क्रम में नेहरू युवा केन्द्र सीहोर द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान हेतु स्वीप कार्यक्रम 2024 के अंतर्गत रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी निक्की राठौर ने कहा कि मतदान देश का पर्व है जिसमें हमें वोट डालकर अपना योगदान देना है और अन्य नागरिकों को भी प्रेरित करना है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से शुरू हुई रैली में छात्राएं मुख्य मार्ग से होते हुए, नारे लगाते हुए भोपाल नाका पहुंचीं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, योग्य उम्मीदवार चुनने, लालच और भय के बिना आवश्यक रुप से मतदान करने का संदेश दिया। पवन पंसारी, मेघा महेश्वरी, योगेश गुप्ता के निर्देशन में ज्योति, सत्यभामा, प्राची, अभिलाषा, अंजली, मल्लिका, शिवानी और समूह ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया और मतदान का पर्व मनाने की अपील की।