चित्तौड़गढ़। आगामी लोकसभा आम चुनाव-2024 एवं त्यौहारों, पर्वों पर जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला ग्रामीण विकास अभिकरण सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की गई और अपने महत्वपूर्ण अनुभव, सुझाव आदि साझा किए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राकेश कुमार ने कहा कि शांति समिति की बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज में सद्भाव की भावना को बढ़ाना है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को आगे आकर प्रयास करने की आवश्यकता है। बैठक ने एडीएम ने समाज जनों को आपस में सामंजस्य बिठाकर कार्य करने, आदर्श आचार संहिता, धारा 144 के उल्लंघन की शिकायत सी विजिल एप और अन्य माध्यमों से करने, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने सहित आवश्यक दिशा निर्देश दिए । बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने सामाजिक संगठनों द्वारा दिए गए ज्ञापन को प्रशासन द्वारा गंभीरता से लेने, संवेदनशीलता से कार्य करने, शहर में अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग व्यवस्था आदि के संबंध में अपने सुझाव दिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने नगर परिषद आयुक्त को अभियान चलाकर अतिक्रमण पर कार्यवाही करने, स्ट्रीट लाइट लगाने सहित आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी बीनू देवल, डीएसपी तेज के पाठक, एसएचओ संजीव स्वामी, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र सिंह यादव, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक अशीन शर्मा सहित शांति समिति के सदस्य, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।