गरोठ। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 74 ग्राम एमडी ड्रग्स और 6 किलो 390 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जसराजसिंह चंदेल एवं टीम ने भानपुरा-गरोठ रोड स्थित रुपरा फंटा पर घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मणसिंह (38) निवासी हरनावदा एवं अश्विन उर्फ मन्ना पंवार (39) निवासी गुर्जर मोहल्ला, भानपुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े देव शर्मा नामक एक अन्य आरोपी का भी खुलासा किया है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अश्विन उर्फ मन्ना पंवार के खिलाफ भानपुरा एवं गरोठ थानों में आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और चोरी सहित 18 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।