मंदसौर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक एवं निर्वाचन गतिविधियों की समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हर तरह की आधारभूत सुविधाएं मतदाताओं को प्राप्त हो, इसके लिए एसडीएम, सीईओ, सीएमओ स्वयं निरीक्षण करके देखे। किसी भी मतदान केंद्र पर आधारभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की समस्या नहीं रहनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पंखे और छांव की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, वन मंडल अधिकारी सहित सभी जिलाधिकारी, नोडल अधिकारी मौजूद थे।
सभी मतदान केंद्रों पर विद्युत कनेक्शन शत प्रतिशत हो, इसके लिए एमपीबीई विभाग समन्वय के साथ सभी केंद्रों पर विद्युत कनेक्शन करें। विद्युत कनेक्शन के संबंध में आगामी बैठक में पुनः समीक्षा की जाएगी। सभी एसडीएम देखे की, विगत चुनाव में बीएलओ के माध्यम से कितनी मतदाता पर्ची का वितरण हुआ। कितनी शेष रह गई थी, उसकी समीक्षा करें। जिले में शत प्रतिशत एपिक कार्ड का वितरण हो इस पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाए। जिला स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय किया जाए। कलेक्टर ने उपार्जन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि, खरीदी के तुरंत बाद परिवहन का कार्य भी किया जाए। परिवहन के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न की जाए। इसके साथ ही जिन भी उपार्जन केन्द्रों पर गेहूं, चना, सरसों की खरीदी का कार्य चल रहा है। वहां पर व्यवस्थित तरीके से खरीदी हो।