नीमच। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंपस नीमच में आज (मंगलवार) शौर्य दिवस मनाया। सुबह त्रिगंजा शहीद स्मारक पार्क के नवनिर्मित पथ का ग्रुप केंद्र के डी.आई.जी. एस.एल.सी.खूप ने उद्घाटन किया।
एस.एल.सी.खूप समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अमर वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए। इसके बाद क्वार्टर गार्ड पर ‘रण ऑफ कच्छ’ से लाई गई, परम पावन माटी से भरे पवित्र कलश पर माल्यार्पण कर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वहीं, शहीद लांस नायक मेघराज सैनी को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2, नीमच स्थित स्मारक पर विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं प्राचार्य की उपस्थिति में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। यहां आयोजित कार्यक्रम में वीरता पदक से नवाजे जा चुके वीरता पदक विजेता भूतपूर्व निरीक्षक(जीडी) विष्णु जायसवाल बतौर अतिथि शामिल हुए।
केंद्रीय विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के बीच शौर्य विषय पर आधारित ‘पेंटिंग’ तथा ‘निबंध लेखन’ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर संध्या के समय खचाखच भरे ओपन थियटर में बल के शौर्य पर आधारित ‘वीडियो फिल्म’ का भी प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही बल के सभी मैस में ‘बड़ा खाना‘ का आयोजन किया गया।