नर्मदापुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को नर्मदापुरम जिले के पिपरिया आ सकते है। होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह चौधरी के समर्थन में पीएम मोदी चुनावी सभा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे को लेकर दो दिनों से प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तर पर तैयारियां जारी है। पचमढ़ी रोड पर सेंट जोसफ स्कूल के सामने पड़े करीब 6 एकड़ के खाली क्षेत्र में सभास्थल बनाया जा रहा है। आज बुधवार को एसपीजी टीम आ सकती है। जिसे लेकर सुबह से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे है। एक दिन पहले मंगलवार को कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने भी दौरा किया। स्थानीय प्रशासनिक दल के साथ दोनों अधिकारियों ने खाली पड़े मैदान का निरीक्षण किया। आज बुधवार को हालांकि पीएम मोदी का अभी कोई फाइनल दौरा कार्यक्रम प्रशासनिक स्तर पर जारी नहीं हुआ है। अधिकारी सिर्फ सभा प्रस्तावित होने की बात कर रहे है।