मुरैना। लोकसभा निर्वाचन के लिए मुरैना में वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। यह अधिग्रहण जिला परिवहन विभाग द्वारा पुलिस की मदद से किया जा रहा है। चुनाव में लगभग डेढ़ हजार वाहनों की आवश्यकता पड़ेगी जिसको लेकर परिवहन विभाग की जिला परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार ने वाहनों का अधिग्रहण शुरू कर दिया है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के लिए मुरैना जिला प्रशासन को डेढ़ हजार से अधिक वाहनों की आवश्यकता है। इतनी अधिक संख्या में वाहनों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी जिला परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार को सौंपी गई है। अर्चना परिहार द्वारा वाहनों का अधिग्रहण किया जा रहा है। कुछ वाहनों का अधिग्रहण बीते दिन मंगलवार को किया गया तथा कुछ का अधिग्रहण बुधवार को किया जा रहा है। अधिग्रहित किए गए वाहनों को पुलिस परेड ग्राउंड में खड़ा किया जा रहा है।
चार पहिया से लेकर ट्रक तक प्रशासन को जरूर
लोकसभा चुनाव में प्रशासन को हर तरह के वाहनों की जरूरत होती है। इस जरूरत में 96 ट्रैकों को अधिग्रहित किया जा रहा है। इनका उपयोग मतदान केंद्र तक सामान को पहुंचाने के काम में किया जाएगा। 417 बसों का अधिग्रहण किया गया है। इन बसों के द्वारा कर्मचारी तथा ईवीएम मशीनों को लाया ले जाया जाएगा। इसके अलावा 108 अन्य बसों का भी अधिग्रहण किया जा रहा है, जिनका उपयोग सुरक्षा बलों आदि को लाने ले जाने में किया जाएगा। इसके अलावा 350 कारों का अधिग्रहण किया जा रहा है जिनका उपयोग सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी करेंगे। इसके अलावा 550 अन्य कारों का अधिग्रहण किया जा रहा है जिन का उपयोग अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा।
कहती हैं जिला परिवहन अधिकारी
इस संबंध में जब जिला परिवहन अधिकारी अर्चना परिहार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जितने वाहनों की जरूरत थी, उतने वाहनों का अधिग्रहण लगभग कर लिया गया है।