झाबुआ। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में हरियाली अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण एवं सीडबॉल तैयार करने के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गयी। कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि जिले में जल संरक्षण और जल रिचार्ज को बढ़ाने के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट के तहत वृक्षारोपण को सामुदायिक प्रयासो के माध्यम से बढ़ाया जाना है। इसी के तहत जिले की पहाडियो एवं अन्य स्थानो पर वृहद स्तर पर वृक्षारोपण प्रशासन, वन विभाग एवं अलग - अलग संगठनो के संयुक्त प्रयासो से किया जाना चाहिए।
कलेक्टर ने सीडबॉल की तैयारी के सम्बन्ध में वन मण्डलाधिकारी से तकनीकी सहयोग की अपेक्षा की। जिसके तहत उन्होंने सीडबॉल बनाये जाने की पद्धति एवं जिले की जलवायु को देखते हुए वृक्षों की किस्में चुनने के सम्बन्ध में जानकारी दी। कलेक्टर द्वारा समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सीईओ जनपद एवं सीएमओ से पूर्व मे किये गये कार्यों एवं आगे की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर द्वारा क्षेत्र में मेडिसिनल गार्डन की कार्ययोजना बनाये जाकर तकनीकी सहयोग वन विभाग से लेने हेतु निर्देशित किया और जिले में मियावाकी पद्धति से किये गये प्रयासों और उनकी सफलता के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी।
इस दौरान वनमण्डलाधिकारी हरेसिंह ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद अनिल कुमार राठौर, संयुक्त कलेक्टर अक्षयसिंह मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला तरुण जैन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर मुकेश सोनी, समस्त सीएमओ, समस्त सीईओ जनपद एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।