झाबुआ। आगामी वर्षा ऋतु में अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए मानसून पूर्व तैयारियों के सम्बन्ध में संभागायुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गयी।
कलेक्टर नेहा मीना द्वारा अवगत कराया गया कि जिले से माही नदी गुजरती है जिसके सम्बन्ध में राजस्थान के बाँसवाड़ा जिला प्रशासन से समन्वय किया जाता है। इसके अतिरिक्त कलेक्टर द्वारा पूर्व में जिले में अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति के सम्बन्ध में जानकारी से अवगत कराकर, आगामी कार्ययोजना के तहत एसडीआरएफ बल के विकेन्द्रीकरण कर उन्हे अलग-अलग स्थानो पर सुनियोजित किए जाने, आपदा प्रबन्धन के संसाधनो का विकेन्द्रीकरण किये जाने एवं आपदा प्रबन्धन के सम्बन्ध में आगामी दिनो में मॉकड्रिल कराये जाने की जानकारी दी। वीडियो कान्फ्रेसिंग के पश्चात कलेक्टर नेहा मीना ने राहत आपदा प्राधिकरण के तहत जारी एसओपी के अनुसार कार्य करने जिला स्तर पर आपदा प्रबन्धन की समिति की बैठक आयोजित करने, कन्ट्रोल रूम की स्थापना कर, क्विक रिसपांस टीम के गठन करने, आपदा प्रबन्धन के तहत मॉकड्रिल किये जाने, जर्जर भवनों की मॅपिंग कर गिराए जाने, तालाबों के पाल सुदृदिकरण किये जाने सम्बन्धी निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, संयुक्त कलेक्टर सत्यनारायण दर्रो, संयुक्त कलेक्टर अक्षय सिंह मरकाम, डिस्ट्रीक्ट कमाण्डेंट होम गार्ड शशिधर पिल्लई, कार्यपालन यंत्री लोनिवि अरीर अहमद गौरी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग विपिन पाटीदार एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।