दमोह। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया के बेटे का एक युवक से मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। युवक शराब दुकान का कर्मचारी बताया जा रहा है। ये दुकान जिले के ग्रामीण क्षेत्र में है। वीडियो शुक्रवार देर रात का है। हालांकि, दैनिक भास्कर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। बता दें, कुसमरिया मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष और दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री हैं।
आरोप है कि पूर्व मंत्री का बेटा रामू कुसमरिया अपने एक दोस्त के साथ शराब दुकान के अंदर बैठा था। उन्होंने दुकानदार से शराब की एक बोतल खरीदी और दूसरी बोतल फ्री मांगी। दुकान के बाहर खड़ा एक कर्मचारी मोबाइल से इस घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। रामू के साथी ने वीडियो रिकॉर्डिंग के बारे में बताया तो वह भड़क गया और बाहर आकर कर्मचारी से मारपीट करने लगा। इस दौरान पिट रहा कर्मचारी छोड़ने की गुहार लगाता रहा। फिर एक अन्य व्यक्ति ने आकर बीच-बचाव किया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी पुलिस
नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी प्रसीता कुर्मी के अनुसार, शराब दुकान के कर्मचारियों की ओर से एक आवेदन दिया गया है। आवेदन में बताया गया है कि रामू कुसमरिया शराब दुकान पर पहुंचे और उन्होंने शराब मांगी। उसके बाद वह गुस्से में आ गए। उन्होंने शराब की एक बोतल फोड़ दी। शराब मुफ्त में मांगी थी या पैसे देकर इसका उल्लेख आवेदन में नहीं है। आवेदन रात में ही ले लिया गया था। अब उसकी जांच की जा रही है। शराब दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज लिए जा रहे हैं। इनकी जांच की जाएगी।
घटनाक्रम के बारे में जानने के लिए भास्कर संवाददाता ने रामू कुसमरिया से फोन पर संपर्क करना चाहा, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ था। रामू के पिता डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कॉल रिसीव नहीं किया।