रीवा। जिले भर में जल जीवन मिशन के तहत समूह नल-जल योजनाओं के निर्माण कार्य बड़ी संख्या में जारी हैं। पेयजल व्यवस्था के लिए हजारों किलोमीटर की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। बिछाई गई पाइप लाइन अन्य निर्माण कार्यों से क्षतिग्रस्त न हो इसके लिए पाइप लाइन पर संकेतक लगाए जा रहे हैं।
इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ सौरभ सोनवणे ने बताया कि 18 मई को दोपहर 12 बजे से विन्ध्या रिट्रीट में जल जीवन मिशन की कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जल निगम की पाइप लाइन तथा अन्य परिसम्पत्तियों को जियो पोर्टल डॉट एमपी डॉट जीओभी डॉट इन में जाकर चिन्हित करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला में जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग, विद्युत मण्डल, सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, हाउसिंग बोर्ड, पीआईयू तथा निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों से जुड़े संभागीय तथा जिला अधिकारियों से उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।