रतलाम। धार जिले के बदनावर में महू-नीमच फोरलेन पर मनासा गांव के पास शनिवार शाम रतलाम जिले की कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। जबकि 6 लोग घायल हो गए। घायलों स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद इंदौर रेफर किया। कार में रतलाम के सेजावता गांव का परिवार शामिल था, जो कि औंकारेश्वर दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय हादसा हो गया।
रतलाम के सेजावता निवासी धर्मेंद्र (35) पिता गोपाल गोस्वामी, पत्नी ज्योति, बेटी सिद्धिका (10), भूमिका (5), बेटे शिवाय (डेढ़ साल) और भांजी मीनाक्षी के साथ शुक्रवार देर रात ओंकारेश्वर दर्शन के लिए गए थे। गांव के ही राहुल (28) पिता राजेंद्र सिंह सोनगरा की कार किराए पर ली थी। ड्राइवर जितेंद्र उर्फ सचिन (25) पिता राजेंद्र सिंह सोनगरा परिवार को लेकर कार से रवाना हुआ था।
शनिवार दोपहर बाद औंकारेश्वर से कार क्रमांक एमपी 43 जेडई 9779 से रवाना हुए। शाम करीब 5.30 बजे महू नीमच फोरलेन मनासा के समीप सड़क पर खड़े ट्रक क्रमांक जेएच 01 एएस 3863 से कार जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयंकर थी की कार के परखच्चे उड़ गए। बड़ी मुश्किल से कार में सवार लोगों को निकाला गया।
कार में सवार सभी गंभीर घायलों को पहले स्थानीय जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद इंदौर रेफर किया। घटना में कार चालक जितेंद्र उर्फ सचिन सोनगरा की मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। कोई किसी प्रकार से बात नहीं करने की स्थिति में है।