चित्तौड़गढ़। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या थे। इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. मंजू, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचंद्र खटीक, जिला परिषद सीईओ विनय पाठक, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, रघु शर्मा, सुरेश झंवर, हर्षवर्धन सिंह रूद, श्रवण सिंह राव, अनिल इनाणी, गौरव त्यागी, रवि विराणी, सुनील जागेटिया, मनोज पारीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचंद गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, जिला कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र सिंह तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. शैलेन्द्र सिंह मंडलोई ने किया। आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग गुरु सुरेश शर्मा एवं डॉ. मुकेश माली के मार्गदर्शन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों की टीम में देवराज भाटी, मेवालाल खोईवाल, इंदिरा पटेल, अनुसूइया चुंडावत, सरस्वती शर्मा, दिशा प्रमाणिक एवं दिनेश ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया।
योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, पद्मासन एवं शवासन सहित विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति एवं शारीरिक स्वास्थ्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफल संचालन सहायक निदेशक डॉ. लवकुश पाराशर, डॉ. विनोद गंधर्व, डॉ. मनीष टांक, डॉ. दीपाली दैराश्री, डॉ. सी.पी. पटेल, पीयूष सिंह राव, वरिष्ठ कंपाउंडर अनिल सिसोदिया एवं विनोद जीनगर सहित आयुर्वेद विभाग की टीम ने किया।
इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट वितरित की गई तथा कार्यक्रम के बाद छाछ वितरण किया गया।
समापन अवसर पर विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का श्रेष्ठ माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को निरोग, तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
अंत में उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।