रतलाम। कलेक्टर राजेश बाथम ने शनिवार को शहर में तालाबों तथा नालों का निरीक्षण किया। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने नालों निरीक्षण करते हुए निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट को नालों की व्यवस्थित सफाई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निगम आयुक्त को शहर के सभी नालों के सुधार तथा उनसे संबंधित अन्य कार्यों की योजना बनाकर कार्य तत्काल शुरू करने को कहा।
कलेक्टर बाथम ने शहर के हनुमान ताल का निरीक्षण किया। साथ में मौजूद कार्यपालन यंत्री सुरेश व्यास द्वारा हनुमान ताल पर शासन की योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों तथा टेंडर की स्थिति से अवगत कराया। कलेक्टर द्वारा शहर के सुतारों का वास पहुंचकर बहते नाले को भी देखा। गंदगी को देख नाले की व्यवस्थित सफाई कराने कोक कहा।
कलेक्टर शहर के अमृतसागर तालाब भी पहुंचे। यहां जलकुंभी के फैलाव को देखते हुए निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि जलकुंभी की सफाई के लिए एक मशीन पर्याप्त नहीं है दो मशीनों द्वारा सफाई करवाई जाए। वर्तमान में चल रही मशीन अपेक्षित गति से सफाई नहीं कर पा रही है। मशीन के कार्य की तुलना में जलकुंभी तेजी से फैल रही है इसलिए दो मशीनों से कार्य लिया जाना आवश्यक है। इस तालाब के सामने रोड के पार पड़ी गंदगी तथा कचरे को भी हटाने के निर्देश दिए।
जुलवानिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचकर कलेक्टर ने निगम द्वारा शहर के कचरे के निष्पादन की प्रक्रिया को देखा। कलेक्टर द्वारा कचरा पृथक्कीकरण तथा प्लास्टिक कचरे से गत्ता निर्माण का निरीक्षण किया गया। इसी परिसर में श्वानों की नसबंदी के लिए संचालित यूनिट का निरीक्षण भी कलेक्टर ने किया।