इन्दौर। जिले में हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में कार्यरत बुनकर/शिल्पी, बुनकर/औद्योगिक समितियां, स्वसहायता समूह, अशासकीय संस्थाएं एवं अन्य संस्था आदि को बुनियादी एवं कौशल प्रशिक्षण देने के साथ ही औजार/उपकरण हेतु आर्थिक सहायता भी प्रदान की जायेगी। इसके लिए हाथकरघा कार्यालय एवं प्रशिक्षण केन्द्र इन्दौर, 3-पोलोग्राउण्ड द्वारा आवेदन मंगाये गये है।
बताया गया कि हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र के लिए कौशल एवं तकनीकी विकास योजनान्तर्गत ऐसे बुनकर/शिल्पी, बुनकर/औद्योगिक समितियां, स्वसहायता समूह, अशासकीय एवं अन्य संस्थाएं जो हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्र में कार्यरत होकर विगत 03 वर्षों से उत्पादन एवं विपणन कर रहे है, इस योजना में पात्र होंगी। संस्थाओं को बुनियादी एवं कौशल प्रशिक्षण, औजार/उपकरण हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु प्रस्ताव आमंत्रित किए गये हैं। योजना का लाभ पहले आओं पहले पाओं के आधार पर दिया जायेगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी सहायक संचालक जिला हाथकरघा कार्यालय एवं प्रशिक्षण केन्द्र इन्दौर, 3-पोलोग्राउण्ड जवाहर आईस फेक्ट्री के सामने स्थित कार्यालय में उपस्थित होकर प्राप्त की जा सकती है।