नीमच। 11 जुलाई को आयोजित होने वाली विशाल धर्मसभा से पूर्व आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद जी महाराज विशेष विमान से नीमच पहुंच गए। आगमन पर समाजसेवी संतोष चौपड़ा सहित श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वामी कैलाशानंद जी महाराज के आगमन के बाद हवाई पट्टी से शहर तक भव्य अभिनंदन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाजसेवी संतोष चौपड़ा के निवास तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार शनिवार 11 जुलाई 2026 को प्रातः 11.15 बजे से दोपहर 2.15 बजे तक दशहरा मैदान स्थित टाउन हॉल में एक दिवसीय विशाल धर्मसभा आयोजित होगी। धर्मसभा में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद जी महाराज अपने दिव्य आध्यात्मिक प्रवचनों से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे।
आयोजन को लेकर शहर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। देशभर से संत-महात्मा, उद्योगपति, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन स्थल एवं शहर में स्वागत, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ नीमच की सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
नीमच हेलीपेड पर गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज, समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और धर्म प्रेमी महामंडलेश्वर आचार्य श्री कैलाशानंद गिरि जी महाराज साहब का आशीर्वाद लेने पहुंचे।