नीमच। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 5 जून से 16 जून तक जलस्त्रोंतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु संचालित जलगंगा संवर्द्धन अभियान के तहत नगरपालिका परिषद् नीमच द्वारा नपाध्यक्ष स्वाति-गौरव चौपड़ा के मार्गदर्शन में जनसहयोग से जारी विभिन्न गतिविधियों के तहत 12 जून गुरूवार को प्रातरू 7 से 9 बजे तक शोरूम चौराहे के पास गांधीनगर ग्रीनबेल्ट स्थित स्मृति वन पार्ट-1 में कुए एवं बगीचे की साफ-सफाई का अभियान नपा के सीएमओ का प्रभार संभाल रहे डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूडा चंद्रसिंह धार्वे, जलकल सभापति छाया जायसवाल, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित की उपस्थिति में संकल्प पर्यावरण संस्था के सदस्यों व नपा अधिकारियों-कर्मचारियों, पर्यावरणप्रेमी नागरिकों के सहयोग से चलाया गया। इस अभियान में जहां डिप्टी कलेक्टर धार्वे ने राजस्व अधिकारी टेकचंद बुनकर, संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था के नवीन कुमार अग्रवाल, किशोर बागड़ी, जुजरभाई बोहरा के साथ स्वयं कुए में उतरकर हाथ में पावड़ा थाम श्रमदान किया वहीं जलकल सभापति छाया जायसवाल, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित, पर्यावरण मित्र संस्था के डॉ. एच.एन. गुप्त्, अजय भटनागर, डॉ. राकेश वर्मा, दुलीचंद कनेरिया, रमेश मोरे, नपा के कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा के साथ बगीचे की सफाई की व पौधारोपण कर बगीचे में वृक्षारोपण अभियान की औपचारिक शुरूआत की। अभियान के दौरान कुए से करीब 50 से अधिक तगारी मलबा तथा बगीचे से करीब 3 ट्राली से अधिक कचरा निकालकर ट्रेचिंग ग्राउण्ड पहुंचाया गया।
इस दौरान कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जलकर सभापति छाया जायसवाल,, डिप्टी कलेक्टर धार्वे व संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था के अजय भटनागर ने जलगंगा अभियान पर प्रकाश डाला व आम जनता से इस अभियान में सहभागिता निभाते हुए इसे महाअभियान का रूप देने का अनुरोध किया। इस अवसर पर नवीन अग्रवाल ने डिप्टी कलेक्टर व नपा सभापति से स्मृति वन में निर्माणाधीन स्टोर रूम पर पक्की छत अथवा टीनशेड डलवाने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन राजेश (पप्पू) मंगल ने किया। अभियान के दौरान नपा सभापति जायसवाल एवं पुरोहित ने श्रमदान कर सहभागिता निभाई वहीं सकल्प पर्यावरण मित्र संस्था् के सदस्यों का श्रमदान के प्रति जुनून देखने लायक था। इस अवसर पर पार्षद मुकेश पोरवाल, स्वच्छता निरीक्षक दिनेश टांक, भारतसिंह भारद्वाज, भाविप के वीरेन्द्र जायसवाल, जलकल के सुरेश पंवार, कचरूलाल गायरी, शेरू, स्वास्थ्य विभाग के संजय शर्मा सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी व पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।