नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से 105 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर बस सहित करीब 65 लाख 85 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर सूचना पर फोरलेन पर की नाकाबंदी-
पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बस के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर नीमच सिटी पुलिस ने फोरलेन स्थित जेतपुरा फंटे से चौथखेड़ा फंटे के बीच फार्म फिल्स ढाबे के पास पुलिया चौथखेड़ा पर नाकाबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने बीआर ट्रेवल्स की बस क्रमांक एआर 01 वाय 9595 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में बस की डिक्की में छिपाकर रखे 6 सफेद रंग के कट्टों से कुल 105 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया।
राजस्थान निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से आरोपी बंशीलाल पिता बुधाराम विश्नोई उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम झरिया, थाना मतोड़ा, जिला फलोदी (राजस्थान), हाल निवासी कुड़ी, थाना पंचपदरा, जिला बालोतरा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना नीमच सिटी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
65.85 लाख रुपये का मशरूका जब्त-
पुलिस ने कार्रवाई में 105 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा कीमत लगभग 15 लाख 75 हजार रुपये, विवो कंपनी का मोबाइल कृ कीमत लगभग 10 हजार रुपये, एमआर ट्रेवल्स बस क्रमांक एआर 01 वाय 9595 कीमत लगभग 50 लाख रुपये सहित कुल 65 लाख 85 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीमच सिटी निरीक्षक विजय सागरिया सहित थाना नीमच सिटी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।