नीमच। सीएम राइज़ स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में शहर का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। नीमच का सीएम राइज़ स्कूल का लाइट हाउस और नोडल विद्यालय के रूप में चयनित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि शहर के मध्य स्थित सीएम राइज विद्यालय स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा लाइट हाउस के रूप में चयनित किया गया है। स्कूल के प्राचार्य किशोर सिंह जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के 274 सीएम राइज विद्यालयों में से कुछ पेरामीटर्स के आधार पर 68 सीएम राइज विद्यालयों को लाइट हाउस नोडल विद्यालय के रूप में चयनित किया गया है। सीएम राइज विद्यालयों का चिन्हांकन स्थापना के बाद गत दो वर्षों में हुई गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
सीएम राइज विद्यालय नीमच केंट ने अपनी स्थापना के दो वर्षों के दौरान ही उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के साथ उल्लेखनीय पाठ्येतर गतिविधिया आयोजित कर जिले एवं प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सीएम राइज विद्यालय नीमच कैंट को नोडल विद्यालय के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से पीपुल ग्रुप के प्रशिक्षक वेणु तनुजा और अतीक द्वारा शिक्षकों को कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस कार्यशाला में प्रशिक्षकों द्वारा लाइट हाउस नोडल विद्यालय की अवधारणा आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।