मंदसौर। जल गंगा संवर्धन अभियान में जल-स्रोतों के संरक्षण और साफ-सफाई अभियान चला कर ग्राम बुढा में तालाब गहरीकरण किया गया। तालाब का जनभागीदारी से गहरीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत 16 जून तक जिले में जल के स्रोतों , जैसे नदी, कुएं, तालाब, बावड़ियों आदि को स्वच्छ रखने और आवश्यकता होने पर उनके गहरीकरण की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। यह कार्य जनसहभागिता से हो रहा है। इससे जल स्रोतों के प्रति सामाजिक चेतना जागृत करने और जनसामान्य का जल स्रोतों से जीवंत संबंध विकसित करने में मदद मिलेगी। पेयजल की आपूर्ति में नदियां, बावड़ियां, कुएं व तालाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जल ही जीवन है केवल स्लोगन नहीं है, यह जल स्रोतों की हमारे जीवन में भूमिका से स्पष्ट होता है। हमारी यह पीढ़ी इन जल संरचनाओं की महत्ता से परिचित हो, हमारा संबंध जल संरचनाओं से अधिक प्रगाढ़ हो, यही इस अभियान का उद्देश्य है। तालाबों से निकलने वाली मिट्टी, किसानों को खेतों में उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। जिससे खेतों में फसल की अच्छी पैदावार होने से किसानों को मुनाफा होगा। साथ ही तालाब गहरीकरण से जल भराव होने पर पानी की कमी दूर होगी। आसपास के कुएं भी रिचार्ज होते रहेंगे, जिससे सभी को फायदा होगा।