इंदौर। केंद्रीय राज्य मंत्री बनने के बाद आज पहली बार धार से सांसद सावित्री ठाकुर इंदौर पहुंची। वह दिल्ली से फ्लाइट से इंदौर एयरपोर्ट पर आईं। ठाकुर के इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचने पर बीजेपी इंदौर ग्रामीण के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। ठाकुर इंदौर एयरपोर्ट से महू विधानसभा होते हुए धार जाएंगी। बताया जा रहा है कि वह यहां दो दिन रुकेंगी। धार भाजपा द्वारा उनके जोरदार स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए सावित्री ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने पहले से ही 100 दिन का रोड मैप बना रखा है, उसी पर हम आगे बढ़ने वाले हैं। जो योजना सरकार की और पीएम मोदी की है वह नीचे लेवल पर जनता के लिए है। जिसे हमें 100 दिन में पूरी करनी है। इसलिए हम रात दिन एक करके उन योजनाओं को पूरा करने में लगे हुए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष चिंटू वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार में महिला एवं बाल विकास केंद्रीय राज्यमंत्री बनने के बाद ठाकुर पहली बार इंदौर आई हैं। धार लोकसभा सांसद सावित्री ठाकुर का इंदौर विमानतल पर भाजपा जिला इंदौर के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
यहां से काफिले के साथ महू के लिए रवाना हुई। इस दौरान जगह-जगह स्वागत मंचों के माध्यम से कार्यकर्ताओं, सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षणिक, खेल संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। ठाकुर पिगडंबर स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। उसके बाद वह किशनगंज स्थित आंगनवाड़ी का निरीक्षण करेंगी। दोपहर महू में डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा व पातालपानी में टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। इसके बाद वह धार जाएंगी।