पन्ना। जिले के देवेंद्र नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से स्वास्थ्य विभाग के दावों की पोल खोलती तस्वीरें सामने आई हैं। जहां भर्ती एक बीमार बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस न मिलने के कारण उसका 65 वर्षीय बेटा 25 किलोमीटर दूर रिक्शा धकाकर जिला अस्पताल पहुंचा।
जानकारी के अनुसार पन्ना जिले के देवेंद्र नगर तहसील अंतर्गत जिगदहा निवासी रामभगत चौधरी (65) को अपनी 90 वर्षीय मां कमलाबाई चौधरी के पैर में चोट लगने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्र नगर में भर्ती कराया था। जहां से वृद्धा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पन्ना के लिए रेफर किया गया था। वृद्ध मां के बेटे रामभगत ने प्रबंधन से एंबुलेंस की मांग की, जो उसे नहीं मिली।
एंबुलेंस की सुविधा न मिलने से परेशान पुत्र ने अपनी मां को जुगाड़ के रिक्शे पर बैठाया और जिला अस्पताल पन्ना के लिए शुक्रवार की सुबह 8 बजे रवाना हुआ। चिलचिलाती धूप भीषण गर्मी में उसने 25 किलोमीटर का सफर तय किया। पुत्र को 25 किमी का सफर करने में करीब 12 घंटे का समय लगा गया।
इस बीच पन्ना से सतना जा रहे समाजसेवी संजय को रास्ते शाम को वृद्ध अपनी मां को रिक्शे पर लाते दिखा। जिन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और वृद्ध मां और पुत्र की मदद कर अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां भर्ती कराने के बाद इलाज शुरू हुआ।