गुना। राघौगढ़ इलाके में अतिक्रमण का मामला गरमा गया है। पहले विधायक जयवर्धन सिंह ने एसडीएम को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने की मांग की। अब राघौगढ़ से चुनाव लडे और भाजपा उपाध्यक्ष हीरेंद्र सिंह ने जयवर्धन सिंह को पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा कि विधानसभा और लोकसभा में जो वार्ड जयवर्धन सिंह हार गए, उन्हे टारगेट कर रहे हैं।
बता दें कि राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने 7 जून को राघौगढ एसडीएम को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने का अनुरोध किया था। पत्र में जयवर्धन सिंह ने लिखा था कि राघौगढ़ नगरपालिका वार्ड क 9 के क्षेत्रांतर्गत शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा, निर्माण कर अतिक्रमण किया जा रहा है यह स्थान गैरकानूनी व आपराधिक गतिविधियों का केन्द्र बनते जा रहें हैं, जहां असामाजिक तत्व एकत्रित होकर नशा करते हैं व नगर में आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं। पुराने अम्बेडकर भवन के पास, संजय सागर कॉलोनी वार्ड 9, आदिवासी बालक छात्रावास के पास वार्ड 9, नवीन मांगलिक अम्बेडकर भवन के पास वार्ड 9 में अतिक्रमण किया गया है। पत्र के जरिए उन्होंने अनुरोध किया कि उक्त भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शीघ्र कार्यवाही करें।
जयवर्धन सिंह के पत्र के बाद अब राघौगढ़ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे और भाजपा जिला उपाध्यक्ष हीरेंद्र सिंह ने जयवर्धन सिंह को ही पत्र लिखा है। शुक्रवार को उन्होंने पत्र लिखकर कहा कि विधानसभा और लोकसभा में जिन वार्डों से कांग्रेस हारी, उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। हीरेंद्र सिंह ने पत्र में लिखा कि ष्आपके द्वारा नगरपालिका वार्ड क्रमांक 9 के अवैध कब्जा हटाने के लिए अनुविभागीय अधिकारी से आग्रह किया गया है। मैं आपको अवगत करा रहा हूं कि राघौगढ़ नगरपालिका का 60 प्रतिशत भाग शासकीय भूमि पर बना हुआ है। आप द्वेषपूर्ण भाव से विधानसभा एवं लोकसभा में जो भाजपा के वार्ड आप हार चुके हो, उनको लक्ष्य बनाकर आप सौतेला व्यवहार राघौगढ़ की जनता के साथ कर रहे हैं, वह पूर्णतः गलत है।
लिखा- बौखलाहट से बचें
उन्होंने आगे लिखा कि ष्यह पत्र आपकी बौखलाहट प्रदर्शित कर रहा है। अगर जनता को न्याय देना है तो समस्त वार्डाे पर अतिक्रमण विरोधी मुहीम चला कर राघौगढ़ को अतिक्रमण मुक्त कराकर अपना सहयोग प्रदान करें। अतः आप ऐसी बौखलाहट से बचें। आने वाले समय में नगरपालिका राघौगढ़ के समस्त 24 वार्डों एवं सम्पूर्ण विधानसभा राघौगढ़ पर भाजपा का कब्जा होगा। माननीय यह जनता है सब जानती है, आप से आग्रह है कि राघौगढ़ क्षेत्र की जनता को परेशान ना करें।