खरगोन। नपा में ठेका पद्धति पर काम कर रहे सफाईकर्मी पिछले एक साल से रुकी पीएफ राशि पाने के लिए ऑफिसों के चक्कर काट रहे है। जनवरी माह में ठेका बदले जाने के बाद कर्मचारियों को अपने भविष्य निधि पाने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रही है। बुधवार को भी कर्मचारियों ने अभा सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के बैनर तले कलेक्टर, एसपी, श्रम विभाग सहित नपा में शिकायती पत्र सौंपकर ठेकेदार द्वारा रोकी गई पीएफ राशि दिलाने की मांग की है।
यूनियन अध्यक्ष रफीक खान ने बताया कि 90 सफाईकर्मी बतौर आउटसोर्स गजानंद सिक्युरिटी फोर्स प्रा. लिमिटेड भोपाल के अधीन काम कर रहे थे। जनवरी 2023 से दिसंबर 23 तक कंपनी का अनुबंध नपा से था। इस दौरान कलेक्टर दर 9650 रुपए प्रतिमाह वेतन देना तय हुआ था, लेकिन प्रतिमा 7300 रुपए की राशि ही खातों में डाली गई, शेष राशि बतौर पीएफ काटे जाने की बात कही गई। लेकिन अब 2024 में ठेका बदल गया है, पूर्व कंपनी गजानंद द्वारा अब तक पीएफ के नाम पर काटी गई राशि नही दी गई। नपा अफसरों से बार- बार संपर्क कर रहे है लेकिन वे भी कोई संतोषजनक जवाब नही दे रहे। इससे कर्मचारियों को अपनी मजदूरी की राशि को लेकर चिंता हो रही है। कर्मचारियों ने मांग की है कि उन्हें नए ठेका पद्धति में पीएफ की व्यवस्था से न जोडते हुए पुरा वेतन दिया जाए।