नीमच। संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच केंट पुलिस ने 10 माह पूर्व चोरी हुई एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कार के साथ वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
स्कीम नंबर-34 से हुई थी चोरी-
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2025 को फरियादी विशाल कुमार व्यास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी सफेद रंग की मारुति सुजुकी ब्रेजा (क्रमांक यूपी-16 बीके -9444), जो स्कीम नंबर-34 स्थित वर्मा टोल कांटे के सामने खड़ी थी, 6-7 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस पर नीमच केंट थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर अशोक मेघवाल (32), निवासी दीपुखेड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी रोहित सोलंकी (23), निवासी सांडिया, थाना मनासा के साथ मिलकर कार चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने रोहित को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की ब्रेजा कार तथा वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली।
जब्त सामग्री-
- मारुति सुजुकी ब्रेजा कार
- बजाज पल्सर मोटरसाइकिल
दोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक रमेश मोरी, प्रधान आरक्षक देवीलाल डीगा, श्रीपाल सिंह, आरक्षक गणपत धनगर, आशुतोष मिश्रा, अंकित मोड़ तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।